अंबेडकर प्रतिमा परिसर में सुविधाओं का संकट, पानी और सफाई व्यवस्था की मांग को लेकर नागरिकों ने उठाई आवाज

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 15 जून 2026 मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 स्थित अंबेडकर नगर में स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा परिसर में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। वर्षों से क्षेत्रवासियों द्वारा इस समस्या को महसूस किया जा रहा है, लेकिन अब नागरिकों ने इसे लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की पहल की है।सोमवार को स्थानीय निवासी कृष्णा राम ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को एक लिखित आवेदन सौंपकर प्रतिमा परिसर में पेयजल एवं नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने आवेदन के माध्यम से बताया कि अंबेडकर नगर में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा सामाजिक और राष्ट्रीय कार्यक्रमों का प्रमुख केंद्र है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं। इसके बावजूद यहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।आवेदन में उल्लेख किया गया है कि प्रतिमा स्थल पर आज तक सप्लाई पानी या पेयजल की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। इसके कारण स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस तथा अंबेडकर जयंती जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित लोगों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था करना चुनौती बन जाता है।स्थानीय नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर परिषद द्वारा प्रतिमा परिसर की नियमित साफ-सफाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। परिणामस्वरूप किसी भी आयोजन से पहले मोहल्ले के लोगों को स्वयं आगे आकर परिसर की सफाई करनी पड़ती है। उनका कहना है कि सार्वजनिक महत्व के इस स्थल की देखभाल नगर परिषद की जिम्मेदारी है, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित पहल नहीं की जा रही है।क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि अंबेडकर प्रतिमा परिसर में जल्द से जल्द जलापूर्ति की स्थायी व्यवस्था की जाए और नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उनका मानना है कि इससे न केवल कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि बाबा साहब के प्रति सम्मान भी बेहतर तरीके से प्रदर्शित हो सकेगा। अब लोगों की निगाहें नगर परिषद प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *