न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 21 जून 2026 मिहिजाम। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एंबीशन प्वाइंट स्कूल, पालबगान मिहिजाम में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर योगमय वातावरण से सराबोर नजर आया, जहां छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योग के महत्व को समझा और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम की शुरुआत योग अभ्यास के साथ हुई। विद्यालय की योग प्रशिक्षित सहायक शिक्षिका बीना कुमारी ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि योग केवल एक दिवस तक सीमित रहने वाली गतिविधि नहीं है, बल्कि इसे नियमित रूप से जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है।योग सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। इस अवसर पर उन्हें योग के वैज्ञानिक और व्यावहारिक लाभों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है, मन शांत रहता है और व्यक्ति की दिनचर्या अधिक संतुलित एवं सकारात्मक बनती है। साथ ही एकाग्रता, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।विद्यालय की प्राचार्या क्रांति कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग का महत्व और भी बढ़ गया है। योग न केवल शरीर को रोगमुक्त रखने में सहायक है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालने का आग्रह किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। योग अभ्यास के बाद सभी बच्चों और शिक्षकों ने स्वस्थ और अनुशासित जीवन के लिए नियमित योग करने का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और इसके प्रति जागरूकता फैलाने का भी संदेश दिया।इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या क्रांति कुमारी, सहायक शिक्षक अख्तर अंसारी तथा शिक्षिकाएं नासरीन परवीन, बीना कुमारी, रुकसाना खातून, साइबा परवीन सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के बीच स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक सोच के प्रति नई जागरूकता पैदा की।
योग से स्वस्थ जीवन का संदेश: एंबीशन प्वाइंट स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
