मुरलीपहाड़ी से भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, बाबूलाल मरांडी बोले- जनता की सेवा का प्रतीक बनेगा पार्टी का झंडा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 25 जून 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत मुरलीपहाड़ी में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक विशाल संगठनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली।मुरलीपहाड़ी पहुंचने पर बाबूलाल मरांडी का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की। पूजा के उपरांत उन्होंने मुरलीपहाड़ी चौक पर भाजपा का ध्वज फहराया और कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार के लिए प्रेरित किया।अपने संबोधन में मरांडी ने कहा कि भाजपा का झंडा केवल एक राजनीतिक पहचान नहीं, बल्कि जनता की सेवा और सहयोग का प्रतीक होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने घरों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पार्टी का ध्वज लगाएं, ताकि जरूरतमंद लोग आसानी से भाजपा कार्यकर्ताओं तक पहुंच सकें और अपनी समस्याएं साझा कर सकें। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही भाजपा की मूल विचारधारा है और प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खनिज संसाधनों, भूमि, स्वास्थ्य, सिंचाई तथा अन्य क्षेत्रों में पारदर्शिता का अभाव है। साथ ही उन्होंने जामताड़ा की स्वास्थ्य व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिले और राज्य से बाहर जाना पड़ रहा है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि मुरलीपहाड़ी में बाबूलाल मरांडी का आगमन कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा लेकर आया है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से आने वाले समय में भाजपा का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।इस अवसर पर नाला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी माधव चंद्र महतो, जिला महामंत्री कमलेश मंडल, सुनील हांसदा, महेंद्र मंडल, रामरतन मंडल, जिला उपाध्यक्ष दिलीप हेमब्रम, कृष्णा महतो, जिला मंत्री आभा आर्या, किरण बेसरा, नारायणपुर मंडल अध्यक्ष बलदेव हांसदा, कर्माटांड़ मंडल अध्यक्ष विनोद रजक, प्रदीप राउत, जावेद अंसारी, द्वारिका प्रसाद सिंह, सुशील पोद्दार, संजय मंडल, वरुण रवानी, ओमप्रकाश यादव, लोकेश महतो, करण सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *