न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 6 जुलाई 2026 जामताड़ा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित 90 दिवसीय विशेष अभियान के तहत सोमवार को बाल सुधार गृह, जामताड़ा में जागरूकता, परामर्श एवं प्रेरणा से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल संरक्षण, कानूनी अधिकारों की जानकारी और बच्चों में सकारात्मक सोच विकसित करना रहा।कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जामताड़ा के सचिव पवन कुमार ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा और शिक्षा के महत्व के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जीवन में कठिन परिस्थितियां आने पर भी सही मार्ग का चयन ही बेहतर भविष्य की नींव रखता है। बच्चों को कानून का सम्मान करने, गलत संगत से दूर रहने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई।बच्चों के बीच रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चित्रांकन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय भारत का राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ रखा गया, जिसमें सभी बच्चों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, अन्य सभी प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।अपने संबोधन में सचिव पवन कुमार ने बच्चों से कहा कि वे किसी के बहकावे में आकर गलत रास्ता न चुनें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बचपन सीखने, शिक्षा प्राप्त करने और अपने व्यक्तित्व को निखारने का समय है, न कि श्रम या गलत गतिविधियों में शामिल होने का। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विधिक प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कदम उठाकर बच्चों को जल्द से जल्द सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास करेगा। साथ ही उन्होंने घर लौटने के बाद नियमित पढ़ाई जारी रखने और अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत करने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों के बीच मिठाइयों का वितरण कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी गई। इस अवसर पर डीएलएसए सचिव पवन कुमार के अलावा एलएडीसी अधिवक्ता अरिजीत बोस, डीसीपीयू की अंजू पोद्दार, काउंसलर रीना पोद्दार, प्रोटेक्शन ऑफिसर संजय यादव, बाल सुधार गृह के अधीक्षक सुजीत गोस्वामी तथा पीएलवी मेघा गुप्ता और आनंद महतो सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने बच्चों में आत्मविश्वास जगाने के साथ उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का सकारात्मक संदेश दिया।
नई राह की ओर बढ़ते कदम: बाल सुधार गृह जामताड़ा में विधिक जागरूकता, परामर्श और तिरंगा चित्रांकन से बच्चों का बढ़ाया गया हौसला
