रूपनारायणपुर में पुलिस की बड़ी कामयाबी: सात दिन में सुलझी लाखों की चोरी, झारखंड का युवक गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 13 जुलाई 2026 रूपनारायणपुर। पश्चिम बर्दवान जिले के रूपनारायणपुर में हुई चर्चित चोरी की वारदात का पुलिस ने महज सात दिनों के भीतर खुलासा करते हुए एक अहम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रूपनारायणपुर पुलिस फांड़ी की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभित पासी (20) के रूप में हुई है, जो झारखंड के मिहिजाम का रहने वाला बताया गया है। सोमवार को उसे आसनसोल न्यायालय में पेश किया गया।जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई की रात रूपनारायणपुर स्टेशन रोड के पश्चिम रंगामाटिया इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति के बंद मकान को निशाना बनाया गया था। परिवार के सदस्य कुछ दिनों के लिए बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया। इसके बाद अलमारी और लॉकर को खंगालते हुए बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार छानबीन की गई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और कई स्थानों पर गुप्त निगरानी भी बढ़ा दी गई।इसी दौरान 12 जुलाई की देर रात पश्चिम रंगामाटिया क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक की गतिविधियों पर पुलिस की नजर पड़ी। जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह पहले से तय रास्तों और संकरी गलियों से भागने लगा। हालांकि पहले से बनाई गई रणनीति के तहत विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों ने चारों ओर से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार युवक 6 जुलाई की चोरी की घटना में सीधे तौर पर शामिल था। पुलिस का यह भी मानना है कि वह दोबारा किसी नई चोरी की वारदात को अंजाम देने की मंशा से इलाके में आया था।अब पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे गहन पूछताछ करेगी। जांच एजेंसियों का मुख्य फोकस चोरी में शामिल अन्य साथियों की पहचान करने, पूरे गिरोह का खुलासा करने तथा चोरी किए गए सोने के गहनों और नकदी की बरामदगी पर है।पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा तथा लोगों में सुरक्षा की भावना और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *