स्वर्ण कारोबार की सुरक्षा पर मिहिजाम पुलिस का फोकस: थाना प्रभारी ने ज्वेलर्स के साथ की अहम बैठक, दिए सतर्कता के कई निर्देश

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 15 जुलाई 2026 मिहिजाम। बढ़ते सुरक्षा जोखिमों और अपराध की घटनाओं को देखते हुए मिहिजाम थाना परिसर में बुधवार को स्वर्ण व्यवसायियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने की। इसमें मिहिजाम स्वर्ण व्यवसाय संघ के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ज्वेलर्स ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य स्वर्ण आभूषण कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा संभावित आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा करना था।बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने सभी स्वर्ण व्यवसायियों से अपनी दुकानों में आधुनिक सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ज्वेलरी प्रतिष्ठान में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे, मजबूत ताले, अलार्म सिस्टम तथा अन्य तकनीकी सुरक्षा संसाधन होने चाहिए, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।उन्होंने दुकानदारों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि ऐसे ग्राहकों पर विशेष नजर रखें जिनका चेहरा पूरी तरह ढका हो। हेलमेट पहनकर, मास्क लगाकर या बुर्का के कारण जिनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो रही हो, उन्हें पहले चेहरा दिखाने के लिए कहा जाए और आवश्यक सावधानी बरतने के बाद ही दुकान के अंदर प्रवेश दिया जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के प्रति थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है।थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस और स्वर्ण व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सूचना आदान-प्रदान तथा पुलिस के साथ नियमित संवाद बनाए रखने जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।इस अवसर पर मिहिजाम स्वर्ण व्यवसाय संघ के अध्यक्ष राज कपूर वर्मा, उपाध्यक्ष सरवन वर्मा, सचिव अनुरंजन कुमार साव, सुरेंद्र वर्मा, सागर वर्मा, अजीत वर्मा, प्रकाश वर्मा सहित संघ के अन्य सदस्य और स्थानीय स्वर्ण व्यवसायी उपस्थित रहे। बैठक में सभी व्यापारियों ने पुलिस के सुझावों का स्वागत करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में पूरा सहयोग देने का भरोसा जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *