मिहिजाम के फुटपाथ दुकानदारों की बढ़ी चिंता, नए शुल्क आदेश के विरोध में जन सेवा पार्टी ने खोला मोर्चा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 अगस्त मिहिजाम। मिहिजाम स्टेशन रोड के फुटपाथ दुकानदारों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जन सेवा पार्टी के नेता राकेश लाल से मिला और नगर परिषद द्वारा जारी नए शुल्क संबंधी आदेश पर गहरी नाराजगी जताई। दुकानदारों ने बताया कि नगर परिषद की ओर से फुटपाथ पर कारोबार करने वाले छोटे व्यापारियों से प्रतिदिन 10 से 15 रुपये वसूले जाने का निर्देश दिया गया है, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद राकेश लाल ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के बाद से आम नागरिकों और छोटे कारोबारियों पर लगातार नए-नए करों का भार डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि होल्डिंग टैक्स में वृद्धि के साथ-साथ दुकानदारों से ट्रेड लाइसेंस शुल्क भी लिया जाता है, ऐसे में प्रतिदिन अलग से राशि वसूलना न्यायसंगत नहीं है।उन्होंने कहा कि फुटपाथ पर सब्जी, फल और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बेचने वाले अधिकांश लोग आर्थिक रूप से कमजोर हैं और इन्हीं छोटे व्यवसायों के सहारे अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इसके बावजूद नगर परिषद की ओर से उन्हें न तो स्थायी बाजार उपलब्ध कराया गया है और न ही किसी प्रकार की मूलभूत सुविधा दी जाती है। कई बार सीएलडब्ल्यू (CLW) और आरपीएफ (RPF) की कार्रवाई में उनका सामान भी हटाया या फेंक दिया जाता है।जन सेवा पार्टी ने जिला प्रशासन से मांग की कि फुटपाथ दुकानदारों पर लगाए गए इस अतिरिक्त दैनिक शुल्क को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। साथ ही नगर परिषद को चेतावनी दी कि यदि गरीब और छोटे दुकानदारों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।इस अवसर पर परिमल कुंडू, प्रणब बिस्वास, नंदलाल दास, मो. रियाज आलम सहित कई स्थानीय दुकानदार एवं जन सेवा पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *