नवोदय स्थापना दिवस पर प्रतिभाओं का उत्सव, उपायुक्त आलोक कुमार ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 अगस्त जामताड़ा। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जामताड़ा में बुधवार को स्थापना दिवस उत्साह, उल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार एवं विद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रीति कुमारी श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों की खूब तालियां बटोरीं। समारोह के दौरान उपायुक्त आलोक कुमार ने विद्यालय परिसर में स्थापित भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी तथा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं का अनावरण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।अपने संबोधन में उपायुक्त ने विद्यार्थियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता उसी क्षेत्र में मिलती है, जिसमें व्यक्ति की वास्तविक रुचि हो। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल, संगीत, कला और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अनुशासन, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच को जीवन में आगे बढ़ने की सबसे बड़ी पूंजी बताया तथा आधुनिक तकनीक का सदुपयोग करने की सलाह दी।समारोह के बाद उपायुक्त ने विद्यालय की लाइब्रेरी, छात्रावास, कार्यालय और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राचार्य डॉ. प्रीति कुमारी श्रीवास्तव से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली और गुणवत्ता सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. प्रीति कुमारी श्रीवास्तव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं तथा अन्य आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *