आदिवासी संस्कृति के रंग में रंगा ग्रीन वुड पब्लिक स्कूल, बच्चों ने गीत-नृत्य से दिया एकता और संरक्षण का संदेश

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 9 अगस्त मिहिजाम। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कोड़पाड़ा, मिहिजाम स्थित ग्रीन वुड पब्लिक स्कूल एवं बदलाव शिक्षण संस्थान के परिसर में रविवार को विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा और विरासत को सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आदिवासी गीत, संगीत, पारंपरिक नृत्य और निबंध प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को आदिवासी संस्कृति और जीवनशैली से परिचित कराया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, भाषा-बोली और प्रकृति के साथ उनके सदियों पुराने संबंध के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समाज में शिक्षा के महत्व और जागरूकता का संदेश भी दिया।विद्यालय के प्रधानाध्यापक राम निवास सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आदिवासी समाज के इतिहास, वर्तमान परिस्थितियों, भाषा-बोली, पारंपरिक पहनावे, सांस्कृतिक विरासत तथा संवैधानिक अधिकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय आदिवासी बहुल क्षेत्र में स्थित है, इसलिए यहां बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। विद्यालय के शिक्षक लगातार बच्चों और उनके अभिभावकों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक बदलाव और स्थायी प्रगति का सबसे प्रभावी माध्यम है।कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं रीता दास, मंदाकिनी कुमारी, श्रद्धा लक्ष्मी, सुनीता प्रसाद, सम्राट मंडल, मृतिका बाग्दी, सतीश कुमार शर्मा, सुरभि दुबे, संगीता पाल, टिवंकल जॉन और हैरियट मेरी रयान की सक्रिय भूमिका रही। बदलाव शिक्षण संस्थान की सचिव आशा राठौर के साथ उनके सहयोगी ज्योति सिंह एवं सुरंजन दास सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने आदिवासी संस्कृति के संरक्षण, सम्मान और आने वाली पीढ़ियों तक इसकी विरासत पहुंचाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *