शहीद खुदीराम बोस के बलिदान को नमन, सेंट एंथोनी विद्यालय में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 11 अगस्त जामताड़ा। नगर स्थित सेंट एंथोनी विद्यालय में मंगलवार को महान स्वतंत्रता सेनानी एवं अमर शहीद खुदीराम बोस की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, देशभक्ति और बलिदान को याद किया।कार्यक्रम की शुरुआत शहीद खुदीराम बोस के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के साथ हुई। विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी, निदेशक डॉ. चंचल भंडारी, प्राचार्य लारेब खान, उप प्राचार्य उत्पल मंडल, विजन-ई सेक्रेटरी अपर्णा भंडारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।इस दौरान विद्यार्थियों को खुदीराम बोस के जीवन संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि कम उम्र में ही देश की आजादी के लिए खुदीराम बोस ने जिस निर्भीकता और त्याग का परिचय दिया, वह आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी ने कहा कि खुदीराम बोस का राष्ट्रप्रेम और बलिदान देश की युवा पीढ़ी को हमेशा देशहित में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में अनेक वीरों ने अपना जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित किया। इनमें खुदीराम बोस का योगदान विशेष रूप से स्मरणीय है। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।अंत में प्राचार्य लारेब खान ने सभी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्रनायकों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *