तेज रफ्तार दो पिकअप ने खोला पशु तस्करी का राज, 5 भैंस बरामद; दो खलासी गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 11 अगस्त सालानपुर। सालानपुर थाना क्षेत्र के सामडी-माधाईचक मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पिकअप वैन में कथित तौर पर अवैध रूप से भैंसों को ले जाने का मामला सामने आया। ग्रामीणों की सतर्कता से पशु तस्करी की कोशिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त करते हुए उनमें लदी पांच भैंसों को बरामद किया है। मामले में दोनों वाहनों के खलासियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहे।स्थानीय लोगों के अनुसार, बिहार नंबर वाली दोनों पिकअप वैन सामडी की ओर से माधाईचक मार्ग पर काफी तेज गति से गुजर रही थीं। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद दो बच्चे तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। घटना के बाद ग्रामीणों को वाहनों की गतिविधि पर संदेह हुआ और उन्होंने दोनों पिकअप का पीछा शुरू कर दिया।ग्रामीणों ने एथोड़ा मोड़ के समीप दोनों वाहनों को रोककर जांच की। शुरुआत में आशंका जताई गई कि वाहनों में गायों को अवैध तरीके से ले जाया जा रहा है। हालांकि, जांच के दौरान दोनों पिकअप वैन में कुल पांच भैंसें लदी मिलीं।घटना की सूचना तत्काल सालानपुर थाना अंतर्गत पहाड़गोड़ा पुलिस कैंप को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके से दो खलासियों को पकड़ लिया, जबकि वाहन चालक फरार हो गए।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और भाजपा नेताओं ने पशु तस्करी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार चालकों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *