न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 अगस्त जामताड़ा। जामताड़ा जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार को आउटडोर स्टेडियम में 21वीं जामताड़ा जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कुल 246 खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20 सहित पुरुष एवं महिला वर्ग की अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीडी भंडारी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित सरन, सेंट एंथनी स्कूल के निदेशक चंचल भंडारी एवं जिला खेल समन्वयक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों को शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।मौके पर डीडी भंडारी ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। सुमित सरन ने जामताड़ा में खेल सुविधाओं को मजबूत करने तथा खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने की बात कही। चंचल भंडारी ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है।जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव सरोज यादव ने आयोजन की सफलता पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया है। 21 एवं 22 अगस्त को धनबाद में होने वाली सब-जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जामताड़ा के चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।प्रमुख परिणाम: 1500 मीटर बालिका वर्ग में आस्थामा मुर्मू प्रथम, सावित्री टुडू द्वितीय और टोम्बर किस्कू तृतीय रहीं। अंडर-18 बालक 100 मीटर में छोटू टुडू ने पहला, नावेद खान ने दूसरा और बिष्णु राय ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरुष गोला फेंक में सुमित सिंह प्रथम, सुमित ओझा द्वितीय और रहमान अंसारी तृतीय रहे। अंडर-18 बालिका 200 मीटर में नीतू राज, मधु कुमारी और लक्ष्मी कुमारी क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहीं। अंडर-14 बालिका भाला फेंक में तोनी घोष ने 16.03 मीटर के प्रदर्शन के साथ स्वर्ण हासिल किया।आयोजन में सुस्मिता खां, सुनील ओझा, सुरेश मिस्त्री, सुमित झा समेत अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
जामताड़ा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार जौहर, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
