भागाबांध ग्रिड से बदलेगी बिजली व्यवस्था की तस्वीर, नारायणपुर और करमाटांड़ क्षेत्र को मिलेगा बेहतर वोल्टेज

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 जून 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिले के नारायणपुर और करमाटांड़ प्रखंड के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से लो वोल्टेज और बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे लोगों को जल्द ही बेहतर विद्युत सेवा मिलने की उम्मीद है। विभाग द्वारा भागाबांध स्थित नए विद्युत ग्रिड को चालू करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।विद्युत कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद ने बताया कि नारायणपुर प्रखंड के भागाबांध में स्थापित 132/33 केवी क्षमता वाले 50 एमवीए ट्रांसफार्मर को सफलतापूर्वक चार्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही ग्रिड से पावर सब-स्टेशन (पीएसएस) तक आने वाली 33 केवी विद्युत लाइन का कार्य भी पूरा कर लिया गया है और उसे बैकचार्ज कर तकनीकी रूप से तैयार कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि आगामी चरण में पूरे सिस्टम का ट्रायल रन किया जाएगा। परीक्षण सफल रहने के बाद भागाबांध ग्रिड से नारायणपुर और पबिया पावर सब-स्टेशनों को सीधे विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। इससे वर्तमान में जामताड़ा ग्रिड पर पड़ रहा अतिरिक्त भार काफी हद तक कम हो जाएगा।अभियंता के अनुसार अभी नारायणपुर और पबिया क्षेत्र को लगभग 12 मेगावाट बिजली जामताड़ा ग्रिड के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। नए ग्रिड के चालू होने के बाद यह संपूर्ण लोड भागाबांध ग्रिड में स्थानांतरित हो जाएगा। इससे न केवल विद्युत वितरण प्रणाली अधिक संतुलित होगी, बल्कि आपूर्ति की गुणवत्ता और स्थिरता में भी सुधार आएगा।उन्होंने आगे बताया कि करमाटांड़ और भागाबांध के बीच विद्युत लाइन विस्तार का कार्य भी अंतिम चरण में है। इस परियोजना के तहत शेष लगभग 12 पोल लगाए जाने का काम चल रहा है, जिसे अगले एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद करमाटांड़ पावर सब-स्टेशन को भी भागाबांध ग्रिड से जोड़ दिया जाएगा।विभाग का मानना है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद नारायणपुर, पबिया और करमाटांड़ क्षेत्र के उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और बिजली आपूर्ति में आने वाली तकनीकी बाधाओं से काफी राहत मिलेगी। साथ ही कृषि, व्यवसाय और घरेलू उपयोग के लिए अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सकेगी, जिससे क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *