सालानपुर में देशभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस, सरकारी दफ्तरों में शान से लहराया तिरंगा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 15 अगस्त सालानपुर। पश्चिम बर्धमान जिले के सालानपुर प्रखंड में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे सम्मान, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में बीडीओ देवांजन विश्वास ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान की धुन से पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल में गूंज उठा।समारोह में प्रखंड कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रखंड के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।स्कूल निरीक्षक कार्यालय में स्कूल निरीक्षक पापिया मुखर्जी ने ध्वजारोहण किया, जबकि सह-कृषि निदेशक कार्यालय में कृषि अधिकारी राजर्षि बनर्जी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। आंगनबाड़ी विभाग की ओर से अधिकारी पावेल राय ने तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया। सभी कार्यालयों में अधिकारियों के साथ कर्मचारी भी समारोह में शामिल हुए।ध्वजारोहण के बाद सालानपुर ब्लॉक कार्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय कलाकारों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और कविता पाठ के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस का संदेश प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना भर दी।बीडीओ देवांजन विश्वास ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस महज उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद करने और राष्ट्र की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेने का दिन है।पूरे सालानपुर में सरकारी कार्यालय तिरंगे और तिरंगे के रंगों से सजे नजर आए। समारोह के दौरान लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना साफ दिखाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *