बारिश से फिसली स्कूटी, राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा; इलाज के दौरान युवक की मौत

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 19 अगस्त अंडाल। लगातार बारिश के बीच अंडाल में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना अंडाल गुरुद्वारे के समीप फ्लाईओवर के नीचे हुई, जहां बारिश से भीगी सड़क पर स्कूटी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।स्थानीय लोगों के मुताबिक स्कूटी सवार दुर्गापुर से आसनसोल की ओर जा रहा था। फ्लाईओवर के नीचे पहुंचते ही अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल सहायता के लिए पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही अंडाल थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की मदद से घायल युवक को तत्काल दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के कई हिस्सों में सड़क की हालत भी खराब है। ऐसे में वाहन चालकों को बारिश के दौरान अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।घटना के बाद एक बार फिर सड़क की स्थिति और बारिश के दौरान यातायात सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत कराने के साथ जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग की है। उनका कहना है कि खराब मौसम के दौरान प्रमुख सड़कों पर पुलिस एवं ट्रैफिक निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *