बंगाल-झारखंड सीमा पर नशे की बड़ी खेप पकड़ी, 510 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 19 अगस्त सालानपुर। बंगाल-झारखंड सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सालानपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने धांगुड़ी-काशीडांगा इलाके में अभियान चलाकर करीब 510 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली ब्राउन शुगर बरामद की। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।अभियान का नेतृत्व सालानपुर थाना प्रभारी विश्वजीत मंडल ने किया, जबकि रूपनारायणपुर फांड़ी के प्रभारी सुमंगल सरकार सहित पुलिस अधिकारियों की टीम ने सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी। बुधवार सुबह से ही संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को एक पिकअप वैन दिखाई दी, जो बंगाल की सीमा पार कर झारखंड की ओर जाने का प्रयास कर रही थी। संदेह होने पर पुलिस ने धांगुड़ी मोड़ के पास वाहन को रोककर तलाशी ली। शुरुआती जांच में वैन के अंदर बड़ी संख्या में सिगरेट के पैकेट दिखाई दिए। हालांकि, पैकेट हटाने पर उनके पीछे छिपाकर रखे गए मादक पदार्थ के पैकेट बरामद हुए।पुलिस ने मौके से ही दो संदिग्धों को पकड़ लिया और उन्हें सालानपुर थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी और इसे झारखंड में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित मुख्य संचालक तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों के अनुसार सीमा पार होने से पहले खेप की बरामदगी तस्करी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *