न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 27 अगस्त आछड़ा/आसनसोल। डाक सेवाओं को आम लोगों तक और अधिक सुलभ बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्र में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को आछड़ा में ‘डाक मेला 2026’ का आयोजन किया गया। आसनसोल डिवीजन के तत्वावधान में आछड़ा शाखा डाकघर के समीप स्थित आछड़ा कम्युनिटी हॉल में आयोजित मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम के मुख्य आयोजक आसनसोल प्रथम सब-डिवीजन के एएसपीओ कौशिक राय रहे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरिजीत राय के पिता अमल राय मौजूद रहे। इसके अलावा आसनसोल डिवीजन के एसएसपीओ देवराज शेट्टी, आसनसोल द्वितीय सब-डिवीजन के आईपी सम्राट सेनगुप्ता सहित डाक विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।मेले का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण आबादी को डाकघर की बचत योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और नागरिक सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा। आयोजन स्थल पर पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के आधार नामांकन तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई गई। स्थानीय लोगों ने इन सेवाओं का लाभ उठाया।कार्यक्रम के दौरान डाक जीवन बीमा (PLI) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने लोगों को जीवन बीमा की उपयोगिता, परिवार की आर्थिक सुरक्षा और भविष्य के लिए वित्तीय तैयारी के महत्व की जानकारी दी।मेला परिसर में डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर SSA तथा PLI/RPLI के चयनित ग्राहकों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, ट्रॉफी, SSA पासबुक और बीमा संबंधी दस्तावेज प्रदान किए।डाक विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों के जरिए सरकारी एवं वित्तीय सेवाओं की जानकारी सीधे ग्रामीण जनता तक पहुंच रही है। भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आछड़ा में लगा डाक मेला 2026, ग्रामीणों को डाक और वित्तीय योजनाओं की दी गई जानकारी

