दहेज प्रथा के खिलाफ बच्चों ने जाना कानून, लैंगिक समानता और महिला अधिकारों पर हुई चर्चा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 11 सितंबर जामताड़ा। दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने और उन्हें अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के उद्देश्य से शुक्रवार को पीएम श्री गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल आदर्श, जामताड़ा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा के तत्वावधान में NALSA Child-Friendly Legal Services for Children Scheme, 2024 के तहत किया गया।कार्यक्रम के दौरान LADC अधिवक्ता सरिता कुमारी बर्मन ने विद्यार्थियों को दहेज प्रथा से होने वाले सामाजिक एवं पारिवारिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि दहेज लेना और देना सामाजिक बुराई को बढ़ावा देने के साथ-साथ कानून की नजर में भी गंभीर विषय है। विद्यार्थियों से समाज में जागरूकता फैलाकर इस कुप्रथा के उन्मूलन में योगदान देने का आह्वान किया गया।अधिवक्ता ने लैंगिक समानता पर चर्चा करते हुए कहा कि महिला और पुरुष दोनों को समान अधिकार, अवसर, सम्मान और गरिमा मिलना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में दिए गए न्याय, समानता, स्वतंत्रता और गरिमा जैसे मूल्यों की जानकारी देते हुए महिलाओं के अधिकार एवं उनके लिए उपलब्ध कानूनी संरक्षण के बारे में भी बताया।इसके अलावा बच्चों को NALSA Child-Friendly Legal Services for Children Scheme, 2024 के तहत मिलने वाली विधिक सहायता, सुरक्षा और संरक्षण संबंधी प्रावधानों से अवगत कराया गया। हिंसा, शोषण अथवा किसी कानूनी परेशानी का सामना करने पर बच्चों को चुप न रहकर उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। NALSA, JHALSA और जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम का संचालन HM प्रभारी बलप्रीत सिंह ने किया। मौके पर सहायक शिक्षिका रिना रॉय, संचिता सिंह, उज्ज्वल कुमार मंडल, बाबर खान, निवास पंडित, निर्मल कुमार मंडल, बेबी देवी एवं मीरा सेन सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में PLV मेघा गुप्ता, शिवनाथ मंडल एवं अमित कुमार मिश्रा ने सक्रिय सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *