गणेश मेला में बच्ची की साइकिल पर चोर ने किया हाथ साफ, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 22 सितंबर जामताड़ा। मंगलवार को जामताड़ा गणेश मेला परिसर में गणेश प्रतिमा के दर्शन करने पहुंची एक बच्ची की साइकिल चोरी हो गई। चोरी की पूरी घटना पंडाल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना करीब सुबह 11 बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद बच्ची का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।जानकारी के अनुसार दक्षिणबहाल निवासी एक बच्ची अपनी साइकिल से गणेश मेला परिसर पहुंची थी। उसने साइकिल को ताला लगाकर पंडाल के बाहर खड़ा किया और गणेश प्रतिमा के दर्शन के लिए अंदर चली गई। इसी दौरान वहां पहले से नजर रख रहा एक युवक मौका पाकर साइकिल लेकर फरार हो गया।सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि संदिग्ध युवक नीले रंग की टी-शर्ट पहने हुए था और उसके सिर पर लाल रंग का गमछा बंधा हुआ था। वह काफी देर से आसपास मौजूद होकर मौके की तलाश में था। जैसे ही बच्ची पंडाल के अंदर दर्शन के लिए गई, युवक ने साइकिल का ताला बिना तोड़े करियर को उठाते हुए पीछे का चक्का हवा में रखते हुए वहां से निकल गया।बताया गया कि चोरी के समय गणेश पूजा समिति के अधिकांश सदस्य यज्ञस्थल पर आयोजित पूर्णाहुति कार्यक्रम में शामिल थे। इसी का फायदा उठाकर चोर ने वारदात को अंजाम दिया।दर्शन के बाद जब बच्ची पंडाल से बाहर आई तो वहां साइकिल नहीं देखकर परेशान हो गई। साइकिल गायब होने की जानकारी पूजा समिति के सदस्यों को दी गई। इसके बाद पंडाल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चोरी की पूरी गतिविधि स्पष्ट रूप से दिखाई दी।घटना के बाद मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। समिति के सदस्यों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *