न्यूज 61 लाइव संवाददाता 28 सितंबर कुंडहित। बागडेहरी थाना क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस तथा उत्पाद विभाग ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कई शराब भट्टियों को ध्वस्त किया। संयुक्त कार्रवाई में करीब 100 लीटर जावा महुआ के साथ शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए। कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार सोमवार को बागडेहरी थाना प्रभारी किशन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जोकपहाड़ी गांव में छापेमारी की। टीम ने गांव में संचालित अवैध महुआ शराब की भट्ठी को नष्ट करते हुए मौके से करीब 50 लीटर जावा महुआ तथा शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की।पुलिस ने मामले में जोकपहाड़ी निवासी भीम मंडल के 47 वर्षीय पुत्र बिल्पब मंडल को आरोपी बनाया है। उसके खिलाफ चोरी-छिपे अवैध शराब का निर्माण और बिक्री करने के आरोप में बागडेहरी थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी के दौरान थाना प्रभारी के साथ सी. राजीव रंजन समेत पुलिस बल के जवान मौजूद थे।इधर, उत्पाद विभाग की टीम ने भी बागडेहरी थाना क्षेत्र के बुड़ाबेड़िया गांव में कार्रवाई की। उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक निखिल चंद्र के नेतृत्व में टीम ने गांव में संचालित चार-पांच अवैध शराब भट्टियों पर एक साथ धावा बोला। मौके से करीब 50 लीटर जावा महुआ और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण बरामद किए गए।अवर निरीक्षक निखिल चंद्र ने बताया कि बुड़ाबेड़िया में अवैध शराब भट्ठियों के संचालन की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने छापेमारी की। उन्होंने बताया कि जिन लोगों द्वारा इन भट्टियों का संचालन किया जा रहा था, उनकी पहचान और नाम-पता जुटाने की प्रक्रिया जारी है।पुलिस और उत्पाद विभाग की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है।
बागडेहरी में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, दो जगह छापेमारी में 100 लीटर जावा महुआ जब्त

