अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी, एसपी ने दिए सख्त निर्देश; सितंबर में 226 वारंट निष्पादित

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 अक्टूबर जामताड़ा। दुर्गापूजा के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश दिए। सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, एसडीपीओ/डीएसपी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए। बैठक में लंबित कांडों, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई।बैठक में बताया गया कि सितंबर 2026 के दौरान पुलिस ने 226 वारंटों का निष्पादन किया, जबकि विभिन्न मामलों में वांछित 34 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। एसपी ने गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करने तथा स्थायी वारंट समेत अन्य लंबित वारंटों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।एसपी ने जेल से हाल में बाहर आए तथा गंभीर अपराधों में पूर्व में संलिप्त रहे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने और उनका सत्यापन कराने को कहा। साइबर अपराध के खिलाफ भी लगातार अभियान चलाकर संदिग्ध अपराधियों की पहचान, सूचना संकलन और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।दुर्गापूजा को लेकर पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। पूजा समितियों के साथ बैठक, संवेदनशील स्थानों की पहचान, विसर्जन मार्ग का सत्यापन और असामाजिक तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी निगरानी रखने को कहा गया।इसके अलावा बैंक, एटीएम, आभूषण दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास गश्ती बढ़ाने तथा अलग-अलग स्थानों पर एंटी क्राइम वाहन जांच चलाने का निर्देश दिया गया। सड़क सुरक्षा, महिला अपराध, साइबर अपराध, बाल विवाह और डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *