न्यूनतम वेतन, पीएफ-ईएसआई और सुरक्षा की मांग पर श्रमिकों का हंगामा, सिटी एलॉयेस गेट पर काम ठप

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 29 सितंबर सालानपुर। पश्चिम बर्धमान जिले के सालानपुर थाना क्षेत्र के कल्याणेश्वरी इलाके के कदविटा-महेशपुर स्थित सिटी एलॉयेस प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य द्वार पर मंगलवार सुबह श्रमिकों ने काम बंद कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सुबह करीब छह बजे शुरू हुए इस आंदोलन के कारण कारखाने का सामान्य कामकाज प्रभावित रहा। श्रमिकों ने वेतन, सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न मांगें उठाईं।प्रदर्शनकारी श्रमिकों का आरोप है कि आठ घंटे काम के बदले उन्हें करीब 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी दी जा रही है, जबकि उनके अनुसार सरकारी निर्धारित न्यूनतम मजदूरी करीब 386 रुपये या उससे अधिक होनी चाहिए। श्रमिकों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार निर्धारित आठ घंटे की ड्यूटी के बजाय 12 घंटे तक काम कराया जाता है। इसके अलावा महीने में 26 दिन काम, साप्ताहिक अवकाश और छुट्टी के दिन के भुगतान को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई।फर्नेस समेत संवेदनशील विभागों में काम करने वाले श्रमिकों ने सुरक्षा उपकरणों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि जोखिम भरे काम के बावजूद पर्याप्त सेफ्टी किट उपलब्ध नहीं कराई जाती। साथ ही पीएफ और ईएसआई जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं नहीं मिलने का भी आरोप लगाया गया।श्रमिकों ने जुलाई में हुई एक दुर्घटना का हवाला देते हुए बताया कि एक कर्मचारी की उंगली कट गई थी, लेकिन उसे कथित तौर पर उचित क्षतिपूर्ति और आराम नहीं मिला। आंदोलनकारियों ने फोरमैन रवी कुमार सिंह सहित संजय और राकेश पर दुर्व्यवहार, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप भी लगाए।श्रमिकों ने चार प्रमुख मांगें रखी हैं जिसमें न्यूनतम मजदूरी लागू करना, पीएफ-ईएसआई सुविधा देना, पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना तथा कथित दुर्व्यवहार के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *