न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 सितंबर जामताड़ा। जामताड़ा थाना क्षेत्र के मिहिजाम रोड स्थित नर्सरी के पीछे मंगलवार को एक बंद एल्बेस्टस मकान से सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मकान से निकल रही तेज दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों को संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मकान की जांच के दौरान शव बरामद किया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की स्थिति काफी खराब बताई जा रही है। शरीर बुरी तरह सड़ चुका था और उसमें कीड़े पड़ गए थे। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति की मौत करीब चार से पांच दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत की वास्तविक अवधि पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आसपास के लोगों से महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। बताया गया कि मकान में कोलकाता निवासी 60 वर्ष से अधिक उम्र का एक वृद्ध व्यक्ति अकेले रहता था। स्थानीय लोग उसे ‘बाबा’ के नाम से जानते थे। हालांकि बरामद शव उसी वृद्ध का है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।पुलिस अब शव की पहचान सुनिश्चित करने के साथ मृतक के परिजनों और उसके मूल निवास की जानकारी जुटाने में लगी है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर वृद्ध के संबंध में अन्य जानकारियां भी एकत्र की जा रही हैं।शव काफी पुराना होने के कारण फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, मौत स्वाभाविक परिस्थितियों में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
दुर्गंध से खुला बंद मकान का राज, मिहिजाम रोड में सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी

