गांव-गांव पहुंचा स्वच्छता का संदेश, जलसहिया दीदियों ने बच्चों से बुजुर्गों तक जगाई जागरूकता

न्यूज 61 लाइव संवाददाता 29 सितंबर कुंडहित (जामताड़ा)। प्रखंड क्षेत्र में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जलसहिया दीदियों ने गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों को स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, मंदिर परिसर तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर लोगों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई।‘स्वच्छता से समृद्धि’ विषय को केंद्र में रखते हुए आयोजित कार्यक्रमों में साफ-सफाई अभियान, स्वच्छता शपथ, हाथ धोने का सही तरीका, पौधरोपण तथा कचरा मुक्त गांव बनाने का संकल्प दिलाया गया। जलसहियाओं ने ग्रामीणों से अपने घर के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने की अपील की।अभियान के दौरान ग्रामीणों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने, घरों में शौचालय का नियमित उपयोग करने, कूड़ा निर्धारित स्थान या कूड़ेदान में डालने तथा घर और मंदिरों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही घरों के सामने बनी नालियों की नियमित सफाई करने और बच्चों को गंदगी से होने वाली बीमारियों से बचाने के लिए स्वच्छ आदतें अपनाने पर जोर दिया गया।इस अभियान में गुंडलीडीह, दुधापानी, सगुना, चंद्रडीह, खाजुरी, गुवालदंगाल, बंसबोनी, बेड़ा, हरानंदनपुर, सालदहा, बेनियाडंगाल, घाटपरूलिया, चरकमारा, भालको, असंलिया, आमलादही, रसूनपुर, चयनपुर, इनायतपुर, जयपुर, छोटागोबिंदपुर, बागडेहरी, जनार्दनपुर, बोगईआड़ा, चक आमताबाद समेत कई गांवों के जलसहिया, शिक्षक, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण शामिल हुए।जलसहियाओं ने कहा कि स्वच्छ गांव केवल अभियान से नहीं, बल्कि हर परिवार की नियमित भागीदारी और जिम्मेदारी से ही संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *