न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 2 अक्टूबर जामताड़ा। शहर की बुनियादी सुविधाओं और आम लोगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भाजपा के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शहर एवं आसपास के इलाकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने का आग्रह करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की।भाजपा जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा ने अजय नदी स्थित श्मशान घाट तक जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सड़क खराब होने के कारण विशेषकर रात के समय लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने मार्ग की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण के साथ पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने तथा जरूरत वाले स्थानों पर सोलर लाइट की व्यवस्था करने की मांग की।पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष चंडी चरण दे ने जेबीसी परिसर में स्थित नगर भवन को जल्द शुरू कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि भवन का आवश्यक कार्य पूरा कराकर इसे नागरिकों के उपयोग में लाया जाना चाहिए, ताकि शहरवासियों को सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा मिल सके।पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष संतन मिश्रा ने जामताड़ा शहर में बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। उन्होंने प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में पार्किंग तथा नो-पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर जोर दिया।जिला कोषाध्यक्ष चंदन राउत ने कहा कि श्मशान घाट जाने वाली सड़क बारिश के दिनों में और भी खराब हो जाती है। जगह-जगह गड्ढों के कारण वाहनों के फंसने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की।प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से सभी समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई। मौके पर नगर महामंत्री लखिंदर सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जामताड़ा की बुनियादी समस्याओं को लेकर भाजपा ने डीसी से की पहल की मांग, सौंपा ज्ञापन

