मिहिजाम में भाजपा का स्वास्थ्य शिविर, बीपी-शुगर समेत कई जांच कर दी गईं दवाएं

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 2 अक्टूबर मिहिजाम। जामताड़ा जिले के मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या पांच में भाजपा नगर अध्यक्ष लोकेश महतो की अध्यक्षता में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मेडिकल टीम ने स्थानीय लोगों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और हीमोग्लोबिन समेत अन्य आवश्यक जांच की गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार उपलब्ध दवाओं का वितरण भी किया।नगर अध्यक्ष लोकेश महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने तथा जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मिहिजाम में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और खान-पान व दिनचर्या को लेकर सजग रहने की अपील की। साथ ही कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ भारत के संकल्प में योगदान देना है। इसके अलावा उन्होंने लोगों से संतुलित खान-पान अपनाने तथा तेल-मसाले का कम सेवन करने की सलाह दी।कार्यक्रम संयोजक मितेश साह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत कई सेवा गतिविधियां संचालित होनी हैं, जिनमें स्वास्थ्य जांच शिविर भी शामिल है।शिविर के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जयदीप मलिक ने बताया कि स्थानीय लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की गई। उनके साथ सीएचओ बबली गोराई, एचएम रियाजुद्दीन अंसारी, एएनएम खुशबू गुप्ता और फार्मासिस्ट श्याम किशोर रविदास ने सेवाएं दीं।आयोजन को सफल बनाने में नगर महामंत्री अजीत पासवान, अरविंद हाड़ी, राजवीर पटेल, उदयशंकर साह, गोपाल ठाकुर, प्रदीप हरि और राकेश हरि समेत अन्य कार्यकर्ताओं की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *