न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 नवंबर जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जनजातीय संध्या इंटर कॉलेज, मिहिजाम में विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान #DownloadECINet अभियान के तहत 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के छात्र-छात्राओं को ECINET ऐप डाउनलोड कराकर निर्वाचन से जुड़ी ऑनलाइन सुविधाओं से अवगत कराया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. कयूम अंसारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं पर निर्भर करती है। प्रत्येक योग्य नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है, ताकि वह अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके। उन्होंने युवाओं से निर्वाचन संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।इस दौरान उन्होंने ECINET ऐप के विभिन्न फीचर्स की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से मतदाता सूची से संबंधित कई जरूरी कार्य घर बैठे ऑनलाइन किए जा सकते हैं। विद्यार्थियों को फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के उपयोग की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि नए मतदाताओं का पंजीकरण फॉर्म-6 के जरिए होता है, जबकि मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जाता है।अंसारी ने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे केवल स्वयं जागरूक होकर न रुकें, बल्कि अपने अभिभावकों, परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दें।अभियान के दौरान विद्यार्थियों के मोबाइल फोन में ECINET ऐप इंस्टॉल कराया गया और उसके संचालन की व्यावहारिक जानकारी दी गई।मौके पर हेल्प डेस्क प्रबंधक मुकेश कुमार, राहुल कुमार, कॉलेज के प्राचार्य विनय प्रसाद सिन्हा, प्रो. रश्मि गुप्ता, गोपाल महतो, हरेन्द्र प्रसाद गुप्ता, राजीव रंजन शर्मा, सुप्रिया जोशी एवं प्रेम पासवान सहित अन्य शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान में सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
जनजातीय संध्या इंटर कॉलेज में चला विशेष जागरूकता अभियान, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. कयूम अंसारी ने समझाए फॉर्म-6, 7 और 8 के महत्व
