दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, आसनसोल में DJ पर पूरी पाबंदी; महिला सहायता बूथ होंगे स्थापित

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 2 अक्टूबर आसनसोल। दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट एवं जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को आसनसोल के रवींद्र भवन में पूजा कमेटियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार, जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, बाराबनी विधायक अरिजीत राय और जमुरिया विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में पूजा आयोजन, विसर्जन, यातायात, सुरक्षा, अग्निशमन और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूजा और विसर्जन के दौरान डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पूजा कमेटियों के साथ-साथ डीजे संचालकों को भी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।बैठक में बताया गया कि इस वर्ष पहले किसी कारण से अनुमति नहीं मिल पाने वाली कुछ पूजा कमेटियों को भी नियमों के तहत आयोजन की अनुमति दी जा रही है। पूजा समितियों की अंतिम संख्या और अनुदान के लिए प्राप्त आवेदनों की वास्तविक जानकारी पोर्टल बंद होने के बाद स्पष्ट होगी। दुर्गापुर को छोड़कर जिले में करीब 700 से 800 पूजा कमेटियां होने का अनुमान जताया गया।इस बार आसनसोल में पूर्व की तरह केंद्रीय कार्निवल आयोजित नहीं होगा। पूजा समितियां सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपनी सुविधा के अनुसार विसर्जन कर सकेंगी।यातायात व्यवस्था को लेकर टोटो के परिचालन पर परिवहन विभाग के निर्देशों के अनुसार प्रतिबंध लागू किए जाएंगे। अलग-अलग मार्गों पर यातायात नियंत्रण की योजना बनाई गई है। अनरजिस्टर्ड टोटो का डाटाबेस तैयार करने पर भी विचार किया जा रहा है।महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चिन्हित पूजा पंडालों में महिला सहायता बूथ बनाए जाएंगे। पंडालों के आसपास वाहनों के प्रवेश को भी नियंत्रित किया जाएगा। निषिद्ध पटाखों के खिलाफ अभियान जारी रखने के साथ 10 अक्टूबर तक खराब सड़कों की मरम्मत पूरी करने की बात भी बैठक में कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *