अपराध पर सख्ती: चित्तरंजन में आरपीएफ का बड़ा एक्शन, सभी प्रवेश द्वारों पर कड़ी निगरानी और मेटल डिटेक्टर से जांच अभियान

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 22 मई 2026 चित्तरंजन। क्षेत्र में हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए चित्तरंजन प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर दिया है। शुक्रवार को सुरक्षा के मद्देनजर चित्तरंजन में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख गेटों पर आरपीएफ की तैनाती बढ़ा दी गई और व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अनाधिकृत रूप से प्रवेश करने वाले लोगों और वाहनों पर सख्ती बरती गई।आरपीएफ की ओर से चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत बिना अनुमति प्रवेश करने वाले वाहनों और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी गई। सुरक्षा बलों ने गेटों पर आने-जाने वाले लोगों की जांच मेटल डिटेक्टर के माध्यम से की और पहचान सत्यापन के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई।हालांकि प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई के दौरान आपातकालीन सेवाओं को प्रभावित नहीं किया गया। एंबुलेंस, आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन तथा अन्य जरूरी गतिविधियों को पूर्ववत संचालित रखा गया ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया है। उनका कहना था कि चित्तरंजन में हाल के दिनों में चोरी, चैन स्नैचिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं के मामलों में वृद्धि देखी गई है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का निर्णय लिया गया।जानकारी के अनुसार, बीते एक सप्ताह के दौरान क्षेत्र में कई आपराधिक घटनाएं सामने आई थीं, जिससे स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई थी। इसी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सभी प्रवेश द्वारों पर निगरानी बढ़ा दी है।फिलहाल चित्तरंजन के सभी प्रमुख गेटों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती जारी है और आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से अपराध पर नियंत्रण लगाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *