उत्क्रमित उच्च विद्यालय कुशवेदिया में ग्रीष्मकालीन शिविर बना प्रतिभा का मंच, खेल, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से गूंजा परिसर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 21 मई 2026 मिहिजाम। जामताड़ा प्रखंड क्षेत्र स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय कुशवेदिया में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन किया गया। राज्य परियोजना निदेशक के निर्देशानुसार आयोजित इस समर कैंप में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खेल, कला, संस्कृति तथा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।शिविर का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकुंद मंडल के नेतृत्व एवं निगरानी में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच, टीम भावना और सामाजिक सहभागिता को विकसित करना था। कैंप के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और ऊर्जा से भर उठा, जहां बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।शिविर के दौरान योगाभ्यास, व्यायाम, दौड़ प्रतियोगिता, रिले रेस, खो-खो, कैरम समेत कई खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को झारखंडी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से स्थानीय कला एवं सांस्कृतिक वस्तुओं के निर्माण से संबंधित गतिविधियां भी कराई गईं। बच्चों ने नृत्य, गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अपनी रचनात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।प्रधानाध्यापक मुकुंद मंडल ने कहा कि ग्रीष्मकालीन शिविर केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि छुट्टियों का रचनात्मक उपयोग करते हुए बच्चों में आत्मनियंत्रण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समस्या समाधान की दक्षता विकसित करना इस शिविर का प्रमुख उद्देश्य है।उन्होंने स्वच्छता, योग और खेलकूद के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव होती है। शिविर के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों से भी जोड़ने का प्रयास किया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में इमामुल खान, बृजनन्दन मिश्रा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *