सड़क पर झुका बांस का झुंड बना हादसे का खतरा, पुलिस लाइन के पास आधी सड़क घिरी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 अक्टूबर जामताड़ा। जामताड़ा-चितरा को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क पर पुलिस लाइन के समीप बांस का झुंड सड़क की ओर फैल जाने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। बांस के सड़क पर आ जाने से मार्ग का एक बड़ा हिस्सा घिर गया है, जिससे सड़क की वास्तविक चौड़ाई कम हो गई है। लगातार वाहनों की आवाजाही वाले इस मार्ग पर स्थिति कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क के किनारे उगे बांस के झुंड का फैलाव धीरे-धीरे सड़क की ओर बढ़ता गया है। वर्तमान में कई बांस सड़क के हिस्से तक पहुंच गए हैं। इससे खासकर बड़े वाहनों के गुजरने के दौरान सामने से आने वाले वाहनों को पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। ऐसी स्थिति में वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन, दोपहिया चालक और राहगीर आवागमन करते हैं। सुबह और शाम के व्यस्त समय में सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने से समस्या और गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते बांस की कटाई और सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की गई तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है।समाजसेवी अकीब खान ने इस समस्या को गंभीरता से उठाते हुए संबंधित विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने कहा कि सड़क की सुरक्षा और सुचारू यातायात को देखते हुए सड़क पर फैल चुके बांस के झुंड को तत्काल हटाया जाना चाहिए। साथ ही सड़क किनारे ऐसे पेड़-पौधों की नियमित कटाई-छंटाई की व्यवस्था होनी चाहिए, जो आवागमन में बाधा बन रहे हैं।उन्होंने विभाग से जल्द कार्रवाई कर सड़क को पूरी तरह सुरक्षित और यातायात योग्य बनाने की मांग की है, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को संभावित दुर्घटना से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *