न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 जून 2026 देवघर। आसनसोल रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले आसनसोल–जसीडीह–देवघर तथा देवघर–बांका रेलखंड के विकास कार्यों और परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) संग्रह मौर्य ने विशेष विंडो ट्रेल निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य देवघर स्टेशन पर प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्यों और यार्ड रीमॉडलिंग परियोजना की तैयारियों की समीक्षा करना था। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण और परिचालन क्षमता में वृद्धि के लिए इन परियोजनाओं का समय पर पूरा होना अत्यंत आवश्यक है।निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने चंदन, कुमराबाद रोहिणी तथा करझौसा स्टेशनों का भी दौरा किया। उन्होंने ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग प्रणाली, सुरक्षा उपकरणों और अन्य तकनीकी संसाधनों का गहन अवलोकन किया। साथ ही स्टेशन परिसरों में उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और चल रहे आधारभूत संरचना विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाए। स्टेशन परिसरों की साफ-सफाई, पेयजल, प्रतीक्षालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।डीआरएम संग्रह मौर्य ने सुरक्षा को रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि परिचालन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने चाहिए। उन्होंने ट्रैक, सिग्नलिंग और अन्य तकनीकी प्रणालियों के नियमित निरीक्षण और रखरखाव पर बल दिया, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या व्यवधान की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।रेल अधिकारियों के अनुसार यह निरीक्षण रेलवे की आधारभूत संरचना को और अधिक मजबूत बनाने, परिचालन दक्षता बढ़ाने तथा यात्रियों को उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में चल रहे प्रयासों का हिस्सा है। रेलवे प्रशासन का लक्ष्य सुरक्षित, विश्वसनीय और यात्री-अनुकूल रेल सेवाएं सुनिश्चित करते हुए क्षेत्र में रेल संपर्क को और सुदृढ़ बनाना है।
देवघर रेलखंड को मिलेगी नई रफ्तार, डीआरएम ने किया विशेष निरीक्षण; सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर दिया जोर
