ई-बाइक का चक्का टूटने पर परिवहन विभाग सख्त, एमवीआई करेगा तकनीकी जांच

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 अक्टूबर जामताड़ा। कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में चलती ई-बाइक का पिछला चक्का अचानक टूटकर अलग होने के मामले ने अब परिवहन विभाग का ध्यान खींचा है। घटना को लेकर प्रकाशित खबर के बाद जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) को वाहन की तकनीकी जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।मामला हेठ कर्माटांड़ निवासी अशोक कुमार मंडल की JVK Gamma ई-बाइक से जुड़ा है। अशोक के अनुसार वह सामान्य सड़क पर वाहन चला रहे थे, तभी अचानक पिछला पहिया टूटकर अलग हो गया। घटना के दौरान उन्होंने किसी बड़े गड्ढे या जोरदार झटके की बात से इनकार किया है। चालक ने किसी तरह खुद को संभाला और हादसा टल गया। इसके बाद वाहन को धक्का देकर घर ले जाना पड़ा।अशोक का आरोप है कि ई-बाइक में पहले भी कई तकनीकी समस्याएं सामने आती रही हैं। उन्होंने वाहन की गुणवत्ता की जांच और नुकसान की भरपाई की मांग की है।मामले में वाहन के पंजीकरण और तकनीकी श्रेणी को लेकर भी सवाल उठे हैं। वाहन करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में एमवीआई की जांच में वाहन की मोटर क्षमता, अधिकतम स्वीकृत गति, टाइप अप्रूवल, पंजीकरण और नंबर प्लेट समेत जरूरी वैधानिक मानकों की भी पड़ताल की जा सकती है।इधर, जिले में कुछ दिन पहले एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटना भी सामने आई थी। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच उपभोक्ताओं की नजर अब परिवहन विभाग की जांच रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि चक्का टूटने की वजह तकनीकी खराबी थी या कोई अन्य कारण।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *