अवकाश के बावजूद आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने महापुरुषों के जीवन-मूल्यों को अपनाने का लिया संकल्प

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 अक्टूबर जामताड़ा। सेंट एंथोनी विद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। विद्यालय में अवकाश होने के बावजूद दोनों महापुरुषों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमूर्तियों पर माल्यार्पण कर की गई। उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने दोनों विभूतियों के जीवन, संघर्ष और विचारों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी ने कहा कि गांधीजी और शास्त्रीजी का जीवन सादगी, सत्यनिष्ठा, ईमानदारी तथा कर्तव्य के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि महापुरुषों के विचार केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।विद्यालय के निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने गांधीजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा को आधार बनाकर उन्होंने देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का सादा जीवन, स्पष्ट सोच और राष्ट्र के प्रति समर्पण भी आज की युवा पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण प्रेरणा है।उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य लारेब खान ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता जैसे विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं।मौके पर उप प्राचार्य उत्पल मंडल, शिक्षक संजय कुमार माहतो, अनीश रंजन समेत विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *