न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा के नारायणपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऐसा कहर बरपाया कि एक परिवार की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। गोविंदपुर–साहिबगंज नेशनल हाईवे पर पबिया के पास हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया।जानकारी के अनुसार दुधानी गांव निवासी करीब 50 वर्षीय राजा मणि मंडल अपने परिचित रायडीह गांव निवासी राजकुमार सिंह के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पबिया के समीप तेज गति से आ रहे ओवरलोड बालू लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। राजा मणि मंडल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि राजकुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी और हादसे के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ की डाल पर चढ़ गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर गोविंदपुर–साहिबगंज नेशनल हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, घायल के समुचित इलाज और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता दिलाने और मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद माहौल धीरे-धीरे शांत हुआ।इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू लदे ट्रैक्टर अक्सर लापरवाही से हाईवे पर दौड़ते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है।
बालू लदे बेलगाम ट्रैक्टर का कहर: बाइक सवार की मौत, मुआवजे की मांग पर एनएच हुआ जाम
