न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 27 अक्टूबर जामताड़ा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के विधानसभा क्षेत्र जामताड़ा में स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सदर अस्पताल में मरीजों को एंबुलेंस और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की चुनौती के बीच सरकारी एंबुलेंस में एक्स-रे मशीन ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल में इस्तेमाल होने वाली एक्स-रे मशीन को एंबुलेंस से कोर्ट रोड स्थित किसी स्थान पर ले जाया गया। इस दौरान अस्पताल में कार्यरत एक्स-रे टेक्नीशियन किरण कुमार भी मौजूद थे। मामले ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के अनुसार, सदर अस्पताल की एक्स-रे मशीन को एंबुलेंस में लादकर अस्पताल परिसर से बाहर ले जाया गया। मशीन को ले जाने के उद्देश्य को लेकर सवाल उठने पर टेक्नीशियन किरण कुमार ने इसे मरम्मत के लिए ले जाने की बात कही। हालांकि, मशीन वास्तव में खराब थी या नहीं और उसे अस्पताल से बाहर ले जाने की अनुमति किसने दी थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पूरे मामले की जांच जरूरी मानी जा रही है।जामताड़ा में एंबुलेंस की कमी की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं। गंभीर मरीजों को कभी ऑटो, टोटो तो कभी ट्रैक्टर से अस्पताल पहुंचाने की नौबत आने की खबरें भी चर्चा में रहती हैं। ऐसे में सरकारी एंबुलेंस और अस्पताल की महत्वपूर्ण मशीन के इस्तेमाल को लेकर उठे सवालों ने स्वास्थ्य व्यवस्था की प्राथमिकताओं पर बहस छेड़ दी है।बताया गया कि अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. प्रभात सिन्हा को इस संबंध में पत्रकार द्वारा जानकारी दिए जाने के बाद उन्होंने मामले की जानकारी लेने की बात कही। सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा से संपर्क करने पर उन्होंने रांची में बैठक में होने की जानकारी दी।गौरतलब है कि 16 जुलाई को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर उपजे आक्रोश के बीच सदर अस्पताल में तोड़फोड़ हुई थी। उस मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से आधे दर्जन से भी अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार के संज्ञान में मामला आने पर उन्होंने इसे गंभीर बताते हुए कार्रवाई की बात कही है। अब सवाल है कि एक्स-रे मशीन को अस्पताल से बाहर ले जाने की अनुमति किसने दी और क्या यह सरकारी संसाधनों के नियमसम्मत इस्तेमाल के तहत हुआ। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मरीजों को एंबुलेंस की किल्लत, निजी काम में सरकारी एंबुलेंस से एक्स-रे मशीन ले जाने का आरोप; डीसी ने दिए कार्रवाई के संकेत
