न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 नवंबर जामताड़ा। गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे पर कथित अवैध कोयला कारोबार को लेकर जामताड़ा की सियासत गरमा गई है। इस मामले में भाजपा ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलने के संकेत दिए हैं। भाजपा प्रवक्ता सह पूर्व मंत्री रणधीर कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर कोयले की अवैध ढुलाई को लेकर गंभीर आरोप लगाए और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।रणधीर सिंह ने आरोप लगाया कि धनबाद में हाल के दिनों में ईडी की कार्रवाई के बाद अवैध कोयला कारोबार से जुड़े कई पहलू सामने आए हैं। उनके मुताबिक, गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे के जरिए धनबाद से बिहार और उत्तर प्रदेश तक कोयले की कथित आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि धनबाद से गिरिडीह, पांडेयडीह और चकाई के रास्ते प्रतिदिन 40 से 50 ट्रकों में अवैध कोयला बिहार भेजा जा रहा है। वहीं, नारायणपुर और मिहिजाम के रास्ते पश्चिम बंगाल तक भी इसकी ढुलाई होने का आरोप लगाया।भाजपा नेता ने नारायणपुर, जामताड़ा और मिहिजाम थाना क्षेत्रों में कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर भी इस अवैध कारोबार को संरक्षण देने का आरोप लगाया। साथ ही कथित अवैध कमाई को बांग्लादेश में खपाने और मंत्री के संबंधों को लेकर भी सवाल उठाए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।रणधीर सिंह ने केंद्र सरकार से स्वास्थ्य मंत्री और उनके परिवार की संपत्ति की ईडी से जांच कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध कोयला कारोबार पर रोक नहीं लगी तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन करेगी। इसके तहत थाना घेराव के साथ पार्टी कार्यकर्ता कोयला लदे संदिग्ध ट्रकों को पकड़कर प्रशासन के हवाले करेंगे।इधर, उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने जांच के संकेत दिए हैं। अब प्रशासन की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
कोयला तस्करी के आरोपों से गरमाई सियासत, भाजपा ने दी सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी
