न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 26 सितंबर जामताड़ा। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जामताड़ा पुलिस ने वाहन जांच अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ यातायात नियमों के पालन को लेकर लोगों को जागरूक किया।पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने वाहनों को रोककर जरूरी कागजात, यातायात नियमों के अनुपालन सहित अन्य बिंदुओं की जांच की। नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।अभियान की निगरानी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जामताड़ा एवं नाला के अलावा संबंधित क्षेत्रों के पुलिस निरीक्षकों ने की। पुलिस अधिकारियों ने जांच के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा सड़क पर निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया।पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से बताया गया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में वाहन जांच की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस की नजर अपराध नियंत्रण के साथ यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर भी रहेगी।जामताड़ा पुलिस ने आम लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे कानून एवं यातायात नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जांच अभियान आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से जारी रहेगा।
त्योहारों से पहले जामताड़ा पुलिस अलर्ट, सड़कों पर उतरी टीम; यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

