न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 25 अगस्त मिहिजाम। घर में सीमित बिजली खपत और बिल हजारों में पहुंचने से परेशान मिहिजाम के उपभोक्ताओं की समस्या अब जनप्रतिनिधियों की चिंता का विषय बन गई है। गलत एवं असामान्य बिजली बिल जारी किए जाने की शिकायतों को लेकर मिहिजाम नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष बालमुकुंद रविदास ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तत्काल सुधार की मांग की है। उन्होंने जिला विद्युत कार्यपालक अभियंता, जामताड़ा के नाम ज्ञापन सहायक विद्युत अभियंता, मिहिजाम को सौंपा।ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने कहा कि शहर के कई आम उपभोक्ताओं को उनकी वास्तविक बिजली खपत से कहीं अधिक राशि का बिल भेजा जा रहा है। स्थिति यह है कि छोटे और गरीब परिवार, जो घर में रोशनी के लिए महज एक-दो बल्ब का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें भी 40 से 50 हजार रुपये तक के बिल थमा दिए जा रहे हैं। इतनी बड़ी रकम देखकर उपभोक्ता परेशान हैं और विभागीय कार्यालय का चक्कर लगाने को मजबूर हैं।रविदास ने आरोप लगाया कि कई उपभोक्ताओं के घरों में लंबे समय से मीटर रीडिंग नहीं की गई है। शिकायत और आवेदन देने के बावजूद वास्तविक मीटर रीडिंग के बजाय औसत खपत के आधार पर बिल तैयार किए जाने से बकाया राशि लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अनावश्यक बोझ पड़ रहा है।पूर्व अध्यक्ष ने विभाग से मिहिजाम शहर में विशेष बिजली बिल सुधार अभियान चलाने, घर-घर मीटर रीडिंग की जांच कराने तथा शिविर लगाकर शिकायतों का तत्काल निपटारा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मिहिजाम के उपभोक्ता नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं, इसलिए गलत बिलों के कारण उन्हें परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र राहत देने की अपील की।
50 हजार का बिजली बिल देख भड़के मिहिजामवासी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष ने विभाग की कार्यशैली पर उठाए सवाल

