न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 15 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा प्रखंड के सहरडाल में झारखंड मुक्ति मोर्चा अल्पसंख्यक मोर्चा की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन विस्तार और आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष देवीषण हांसदा ने की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष सगीर खान तथा केंद्रीय समिति सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल मौजूद रहे।बैठक में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने, युवाओं और अल्पसंख्यक समाज को पार्टी से जोड़ने तथा सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने पर बल दिया गया। सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के तहत आलम अंसारी को जामताड़ा प्रखंड अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष तथा आसिफ अहमद को मिहिजाम नगर अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष चुना गया। घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया और नवनियुक्त पदाधिकारियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में सगीर खान ने कहा कि झामुमो हमेशा गरीब, मजदूर, अल्पसंख्यक और आदिवासी समाज की आवाज रही है। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने के लिए हर कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। वहीं अशोक मंडल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व युवाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है और नई जिम्मेदारी पाने वाले पदाधिकारी संगठन को नई दिशा देंगे।नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष आलम अंसारी ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ क्षेत्र की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। वहीं आसिफ अहमद ने कहा कि मिहिजाम नगर क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा।बैठक में सलिल रमन, महेंद्र टुडू, रेणु मुर्मू, इंसान अंसारी, करामत अंसारी, इरशाद आलम, किंकर राय, शबीर अहमद, सरफराज शेख, जिसान खान, ताज खान, जाहिद अंसारी, समीउल्लाह खान, अमानत अली और मो. आदिल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
संगठन मजबूती पर झामुमो अल्पसंख्यक मोर्चा का जोर, आलम अंसारी और आसिफ अहमद को मिली बड़ी जिम्मेदारी
