मिहिजाम में नाबालिग गैंगस्टर पर पुलिस का शिकंजा: हथियार, लूट का सामान और अपाचे बाइक बरामद

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 26 मई 2026 जामताड़ा। मिहिजाम थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर एक 17 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया है, जिस पर लूट, हथियारबंदी और हिंसक वारदातों में शामिल होने के गंभीर आरोप हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों से जुड़ चुका है।पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान शहरडाल इलाके से आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, लूटे गए मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई।पुलिस के अनुसार, 3 और 4 मई 2026 की दरमियानी रात ढेकीपाड़ा कब्रिस्तान के समीप कर्माटांड़ निवासी एक रेलकर्मी को हथियार के बल पर रोककर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले में तीन अपराधियों की संलिप्तता सामने आई थी और गिरफ्तार किशोर को इस वारदात का प्रमुख किरदार माना जा रहा है।इसके बाद 11 मई की रात पश्चिम बंगाल के चित्तरंजन स्थित 70 नंबर स्ट्रीट निवासी कविता रेणु नामक महिला भी अपराधियों के निशाने पर आ गई थीं। बाइक सवार दो युवकों ने उनसे नकदी और मोबाइल फोन छीन लिया था। दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।प्रेस वार्ता में एसपी ने बताया कि आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से पीड़ितों के पर्स को जलाने की भी कोशिश की थी। वहीं, चित्तरंजन लूट कांड में दो और ढेकीपाड़ा मामले में तीन आरोपियों की भूमिका सामने आई है। अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी है।जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि मार्च 2025 में हुई फायरिंग की एक घटना में भी यह किशोर शामिल था, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर स्थायी रूप से दिव्यांग हो गया था।घटना ने एक बार फिर नाबालिगों के अपराध जगत की ओर बढ़ते रुझान और संगठित नेटवर्क की आशंका को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *