जनहित के 11 सूत्रीय एजेंडे के साथ मानवाधिकार एसोसिएशन ने विधायक अर्जित राय से की मुलाकात

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 28 मई 2026 रूपनारायणपुर। पश्चिम बर्दवान जिले में भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन की ओर से बाराबानी के नव निर्वाचित विधायक अर्जित राय से उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की गई। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने विधायक को पुष्पगुच्छ एवं उत्तरीय भेंट कर जीत की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।एसोसिएशन के मंडल अध्यक्ष डॉ. बिनय कुमार एवं जिला सचिव सतीश पांडे के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने विधायक अर्जित राय का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन के एजीएस प्रणव चांदा, पीआरओ अशोक कुमार सिन्हा, अमल कुमार सरकार, सलानपुर महिला सचिव सरावनी दास, कोषाध्यक्ष बिनोद कुमार, सलानपुर उपसचिव कृष्णकांत चौहान, समर सरकार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।बैठक के दौरान भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन ने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं और जनहित से जुड़े 11 महत्वपूर्ण प्रस्तावों का ज्ञापन विधायक को सौंपा। संगठन ने हिंदुस्तान केबल्स क्षेत्र में दोबारा किसी औद्योगिक इकाई की स्थापना कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इसके अलावा प्रधानमंत्री स्किल डेवलपमेंट योजना को शीघ्र शुरू करने, पीठियाकारी अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने तथा क्षेत्र के विद्यालयों को डिजिटल शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया गया।ज्ञापन में डावर मोड़ से रांची मोड़ तक खराब सड़क की मरम्मत, फायर ब्रिगेड सुविधा की उपलब्धता, बी-3 मार्केट के सामने बोरिंग की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट लगाने तथा देशबंधु महाविद्यालय में हिंदी माध्यम शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से शामिल रही। वहीं हिंदुस्तान केबल्स क्षेत्र में बिजली मीटर लगाने एवं सलानपुर थाना को आम लोगों की सुविधा के लिए मुख्य मार्ग के समीप स्थानांतरित करने का मुद्दा भी उठाया गया।विधायक अर्जित राय ने संगठन द्वारा प्रस्तुत जनहित से जुड़े प्रस्तावों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों से समन्वय कर समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन आगे भी समाजहित और मानवाधिकार से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाता रहेगा तथा आम लोगों की आवाज प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *