न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 28 मई 2026 जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के पांडेयडीह जंगल के समीप गुरुवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर पहुंचाया गया।जानकारी के अनुसार, आशाडीह गांव निवासी 23 वर्षीय मोइन अंसारी, 16 वर्षीय मोहम्मद सकील, 15 वर्षीय रहमद अंसारी और 12 वर्षीय मोहम्मद हनीस एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पांडेयडीह जंगल के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सभी युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सड़क से उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।सीएचसी नारायणपुर में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मोहम्मद सकील और मोहम्मद हनीस की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। वहीं मोइन अंसारी और रहमद अंसारी का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग प्रशासन से की है। लोगों का कहना है कि पांडेयडीह जंगल के आसपास सड़क पर अक्सर तेज गति से वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
पांडेयडीह जंगल के पास तेज रफ्तार पिकअप का कहर, बाइक सवार चार युवक घायल
