फतेहपुर लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, कुख्यात अपराधी फिरोज अंसारी हथियार और आभूषणों के साथ गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 8 जून 2026 जामताड़ा। जामताड़ा पुलिस ने फतेहपुर क्षेत्र में हुई चर्चित लूटकांड की जांच के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध अपराधी लाल रंग की मोटरसाइकिल से बीचकोड़ा-फतेहपुर मार्ग होते हुए दुमका की दिशा में जाने वाला है। सूचना मिलते ही एसआईटी टीम सक्रिय हुई और बनगढ़ी पुल के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान लाल मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा कर दबोच लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान फिरोज अंसारी, निवासी तुलसडाबर, थाना चितरा, जिला देवघर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल तथा लगभग 100 ग्राम चांदी के आभूषण भी जब्त किए गए। इस संबंध में फतेहपुर थाना में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी ने पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग दिए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 29 मई 2026 की रात फतेहपुर बाजार में एक स्वर्ण व्यवसायी से हथियार के बल पर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग छीनने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने यह भी बताया कि इस वारदात को तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया था।पूछताछ में फिरोज अंसारी ने देवघर, दुमका और जामताड़ा जिलों में घटित लूट, डकैती, हत्या और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े करीब 18 मामलों में अपनी भूमिका होने की बात कबूल की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। इस अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाला, फतेहपुर एवं कुण्डहित थाना प्रभारियों सहित कई पुलिस अधिकारियों और सशस्त्र बल के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *