न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 जून 2026 जामताड़ा। प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता का एक प्रेरणादायक उदाहरण मंगलवार को जामताड़ा समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में देखने को मिला। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की पहल से एक दिव्यांग युवक की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कुछ ही घंटों में हो गया। इतना ही नहीं, युवक की दैनिक परेशानियों को देखते हुए उसे तत्काल व्हीलचेयर भी उपलब्ध कराई गई।प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाला जनता दरबार जिले के लोगों के लिए अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का प्रभावी मंच बनता जा रहा है। इसी कड़ी में जामताड़ा सदर प्रखंड अंतर्गत गोपालपुर पंचायत के रामबारी गांव निवासी दिव्यांग युवक परिमल मिर्धा अपने परिजनों और पंचायत प्रतिनिधि के साथ जनता दरबार पहुंचे।परिमल की स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण है। वह न तो चल पाने में सक्षम हैं और न ही बोल सकते हैं। उनके परिजनों ने प्रशासन को बताया कि उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ तो स्वीकृत है, लेकिन आधार कार्ड नहीं बनने के कारण पेंशन की राशि निकालने में कठिनाई हो रही है। बायोमैट्रिक सत्यापन नहीं हो पाने के चलते उनका आधार नामांकन लंबित था, जिससे वे सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं ले पा रहे थे। इसके अलावा व्हीलचेयर के अभाव में उनके लिए घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था।मामले की गंभीरता को समझते हुए उपायुक्त आलोक कुमार ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को बुलाया और मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। उनके निर्देश पर यूआईडीएआई से जुड़े अधिकारियों ने तुरंत आधार नामांकन की प्रक्रिया शुरू की और दिव्यांग युवक का आधार एनरॉलमेंट सफलतापूर्वक पूरा कराया गया।यहीं नहीं, युवक की शारीरिक स्थिति को देखते हुए उपायुक्त ने अपने कार्यालय से तत्काल एक व्हीलचेयर उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। कुछ ही देर में परिमल को व्हीलचेयर सौंप दी गई, जिससे उनके आवागमन की बड़ी समस्या का समाधान हो गया।समस्या के त्वरित निस्तारण से परिमल मिर्धा, उनके परिजन तथा जनप्रतिनिधि भावुक नजर आए। उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता दरबार वास्तव में जरूरतमंद लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभर रहा है। यह पहल प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास को और मजबूत कर रही है।
जनता दरबार में दिव्यांग युवक की बदली जिंदगी: उपायुक्त ने मौके पर बनवाया आधार, भेंट की व्हीलचेयर
