जामताड़ा में ‘आम उत्सव’ की धूम, किसानों के बागों से सीधे बाजार तक पहुंचे स्वाद और समृद्धि के संदेश

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 जून 2026 जामताड़ा। जिले में बागवानी को नई पहचान देने और आम उत्पादकों को बेहतर विपणन मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जामताड़ा प्रखंड परिसर में भव्य आम उत्सव का आयोजन किया गया। बिरसा हरित आम बागवानी योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर के किसानों ने अपने बगीचों में तैयार विभिन्न किस्मों के आमों का प्रदर्शन किया, वहीं खरीदारों ने भी स्थानीय उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख, प्रखंड विकास पदाधिकारी अविस्वर मुर्मू तथा जिला परियोजना पदाधिकारी पूनम कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर बागवानी आधारित आय के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि फलोत्पादन को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।महोत्सव में जामताड़ा प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से आए लाभुक किसानों ने अपने बगीचों में उत्पादित ताजे और गुणवत्तापूर्ण आमों की प्रदर्शनी लगाई। आम की कई लोकप्रिय प्रजातियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारी के आवासीय परिसर स्थित आम बागान से लाए गए फलों की भी बिक्री की गई, जिन्हें खरीदने के लिए लोगों में विशेष उत्साह देखा गया।इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधे संवाद की व्यवस्था की गई थी। इससे किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने की संभावना बढ़ी, वहीं खरीदारों को बिना किसी बिचौलिए के सीधे उत्पादकों से गुणवत्तापूर्ण फल खरीदने का अवसर मिला। किसानों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उनके उत्पादों को बेहतर पहचान मिलती है और बाजार तक पहुंच आसान होती है।अधिकारियों ने बताया कि बिरसा हरित आम बागवानी योजना के तहत जिले में बड़ी संख्या में आम के पौधे लगाए गए थे, जिनका सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है। बढ़ते उत्पादन से किसानों की आमदनी में इजाफा हुआ है और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी विकसित हुए हैं।महोत्सव में किसान, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में आम प्रेमी शामिल हुए। पूरे आयोजन में उत्साह और उत्सव का माहौल बना रहा। स्थानीय कृषि एवं बागवानी उत्पादों को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *