चित्तरंजन स्टेशन पर लापरवाही उजागर: ढीली पड़ी स्टील चेयर से बाल-बाल बचा यात्री, रेलवे प्रशासन ने दी मरम्मत का आश्वासन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 18 जून 2026 मिहिजाम। चित्तरंजन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 2 और 3 को पर पैदल ऊपरी पुल के पास स्थित जामताड़ा दिशा वाले पहले यात्री शेड में सुरक्षा और रखरखाव की गंभीर कमी सामने आई है। यहां लगी एक स्टील चेयर में लगे सभी 12 नट-बोल्ट गायब पाए गए, जिसके चलते वह पूरी तरह असंतुलित हो चुकी है और यात्रियों के लिए खतरे का सबब बन गई है।स्थानीय यात्रियों के अनुसार, यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इस पर किसी भी प्रकार का ध्यान नहीं दिया गया। गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब दुमका–रांची इंटरसिटी ट्रेन पकड़ने आए एक यात्री ने प्रतीक्षा के दौरान इसी खराब स्टील चेयर पर बैठा। जैसे ही वह बैठा, चेयर अचानक पीछे की ओर झुकने और पलटने लगी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से यात्री घबरा गया, लेकिन उसने तुरंत संतुलन बनाते हुए खुद को गिरने से बचा लिया। उसकी सतर्कता के कारण वह गंभीर चोट का शिकार होने से बच गया।इस घटना के बाद स्टेशन परिसर में मौजूद अन्य यात्रियों में भी चिंता और असंतोष का माहौल देखने को मिला। लोगों ने आरोप लगाया कि रेलवे स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं की नियमित जांच और मरम्मत व्यवस्था कमजोर है, जिसके कारण इस तरह की लापरवाहियां सामने आ रही हैं। यात्रियों ने कहा कि यदि यह घटना रात के समय या किसी बुजुर्ग यात्री के साथ होती तो परिणाम गंभीर हो सकते थे।यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि न केवल इस खराब चेयर को तुरंत ठीक किया जाए, बल्कि पूरे स्टेशन परिसर में लगे सभी बैठने के साधनों की जांच कराई जाए ताकि भविष्य में किसी तरह की दुर्घटना की संभावना समाप्त हो सके।इस मामले को लेकर चित्तरंजन रेलवे स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक अशोक शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिल चुकी है और संबंधित विभाग को तत्काल मरम्मत के निर्देश देने का आश्वासन दिया कि जल्द ही स्टील चेयर को दुरुस्त कर सुरक्षित बना दिया जाएगा।फिलहाल, यह घटना रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सजगता की आवश्यकता को उजागर कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *