धतुला क्रिकेट मैदान में योग की गूंज, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 22 जून 2026 जामताड़ा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जामताड़ा के धतुला क्रिकेट मैदान में भारतीय जनता पार्टी के जिला इकाई द्वारा भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से हुई, जहां योग प्रशिक्षक रंजीत यादव ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी माध्यम है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के अनेक देशों में इसे अपनाया जा रहा है।इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष तापस भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों के सुशासन, विकास और जनकल्याण को समर्पित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 5 जून से 21 जून तक विभिन्न आयोजन किए गए। योग दिवस का यह कार्यक्रम भी उसी अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।भाजपा नेता निपेन सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जिसे आज पूरा विश्व सम्मान के साथ अपना रहा है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अब एक वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है और यह भारत की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रहा है।कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मानव अधिकार परिषद एवं भारत कल्याण संगठन के संस्थापक राहुल जोशी ने सभी योग साधकों के बीच टी-शर्ट का वितरण कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता सह एनएचआरडब्ल्यूओबी की सचिव प्रिया दत्ता सिंह ने कहा कि योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच के लिए नियमित योग बेहद जरूरी है।पूर्व जिला उपाध्यक्ष निमाई सेन ने योग की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पहले योग की परंपरा स्थापित की थी, जो आज भी मानव जीवन के लिए उतनी ही प्रासंगिक है।कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सोमनाथ सिंह, पूर्व जिला महामंत्री प्रभाष हेम्ब्रम, निवर्तमान महामंत्री मितेश साह, निवर्तमान जिला मंत्री राजेश यादव, सुभाष यादव, पवन वर्मा, चिंतामणि भंडारी, अमर यादव, गुरुपद पंडित, फणीभूषण मंडल, बासु गोराई, विमान शाह, राजेंद्र मंडल, अन्नाहारी पंडित, लखन पंडित, ब्रजलाल चौधरी, आस्तिक भंडारी, तपन हांसदा, बिष्णु चौधरी, रामरूप यादव, जयप्रकाश सिंह, निवास यादव, शिलाजीत चौधरी, प्रदीप मंडल, राम मुर्मू, आदेश सिंह, मनोज कुमार पांडेय समेत अनेक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। योग शिविर का समापन स्वस्थ और निरोग समाज के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *