सेंट एंथनी विद्यालय में छात्र नेतृत्व का हुआ सम्मान, अलंकरण समारोह में नवचयनित प्रतिनिधियों ने संभाली जिम्मेदारी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 28 जून 2026 जामताड़ा। शहर के प्रतिष्ठित सेंट एंथनी विद्यालय में छात्र परिषद् के अलंकरण समारोह का आयोजन उत्साह, गरिमा और अनुशासनपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को औपचारिक रूप से उनके दायित्व सौंपे गए तथा उन्हें नेतृत्व, सेवा और अनुशासन के मूल्यों के साथ विद्यालय की जिम्मेदारियां निभाने की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया और छात्र परिषद् के लिए चुने गए प्रतिनिधियों का परिचय उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से कराया।समारोह के दौरान हेड बॉय सोनू शाही, हेड गर्ल श्रद्धा पंडित, स्कूल कप्तान रितेश भंडारी एवं रिया मंडल, स्कूल उप-कप्तान पूजा मंडल एवं अरविंद मुर्मू, गॉड्स ऑनर प्रिया मुर्मू एवं नीतू राज सहित विभिन्न हाउस कप्तानों को पद-पट्टिका एवं प्रतीक चिह्न प्रदान किए गए। सभी प्रतिनिधियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने साथियों के लिए प्रेरणास्रोत बनने की शपथ ली। साथ ही विद्यालय की बाल संसद के विभिन्न पदों पर चयनित छात्र-छात्राओं को भी उनके दायित्व सौंपे गए।मुख्य अतिथि डॉ. अमरेंद्र कुमार, विज्ञान शिक्षक, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, साहिबगंज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक सच्चा नेता वही होता है जो अपने व्यवहार और कार्यशैली से दूसरों को प्रेरित करे। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सेवा का माध्यम है।विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गादास भंडारी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है। उन्होंने छात्र परिषद् को व्यक्तित्व निर्माण का प्रभावी मंच बताया।विद्यालय की निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना ही सफल नेतृत्व की पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य लारेब खान ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों के सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की कामना की। समारोह में विजन-ई सेक्रेटरी अपर्णा भंडारी, शैक्षणिक प्रमुख दीपक कुमार मंडल, उप-प्राचार्य उत्पल मंडल, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *