बिरसा मुंडा वॉलीबॉल लीग का शानदार आगाज-समापन, खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने जीता दिल

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 9 अगस्त जामताड़ा। जामताड़ा जिले में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित बिरसा मुंडा वॉलीबॉल लीग का भव्य समापन खिलाड़ियों के जोश, रोमांचक मुकाबलों और खेल भावना के बीच हुआ। एक दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न इलाकों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।प्रतियोगिता का आयोजन जामताड़ा खेल प्रोत्साहन सोसायटी के तत्वावधान में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स, जामताड़ा परिसर में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार स्वर्णकार, सामाजिक कार्यकर्ता आकाश साहू, देवाशीष दास और अनीश रंजन ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।प्राचार्य नरेश कुमार स्वर्णकार ने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी साधन भी है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करते हुए लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।सामाजिक कार्यकर्ता आकाश साहू ने कहा कि जामताड़ा में खेल प्रतिभाओं की भरमार है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को उचित अवसर और बेहतर मंच मिले। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण और युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता साबित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनती हैं।प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार सर्विस, स्मैश और ब्लॉक के जरिए मुकाबलों को रोमांचक बना दिया। मैदान पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखकर दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों और खेलप्रेमियों के प्रति आभार जताया। आयोजकों ने कहा कि जिले में वॉलीबॉल सहित अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी नियमित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। लीग के आयोजन से जामताड़ा में खेल संस्कृति को मजबूत करने और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *